/हिमाचल में बनी 2216 दवाओं के सैंपल तीन साल में फेल।

हिमाचल में बनी 2216 दवाओं के सैंपल तीन साल में फेल।

47 कंपनियां बार-बार गुणवत्ता जांच में नाकाम
19 कंपनियों में दवा निर्माण पर पूर्ण या आंशिक रोक, तीन कंपनियों के लाइसेंस र

बद्दी 23 नवम्बर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा

हिमाचल प्रदेश के फार्मा उद्योग की गुणवत्ता पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। एशिया के प्रमुख फार्मा हब के रूप में पहचान रखने वाले हिमाचल में पिछले तीन वर्षों के दौरान निर्मित 2216 दवाओं के सैंपल गुणवत्ता परीक्षण में फेल पाए गए हैं। चिंताजनक बात यह है कि 47 दवा कंपनियां ऐसी हैं, जिनके नमूने दस या इससे अधिक बार निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे। फेल हुए नमूनों में सामान्य दवाओं के साथ कई महत्वपूर्ण और जीवनरक्षक दवाएं भी शामिल हैं।

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में इस वर्ष मार्च से पहली नवंबर तक विभिन्न दवा उद्योगों में निर्मित 409 दवाओं के सैंपल फेल हुए हैं। वहीं, वर्ष 2025-26 में 963 और वर्ष 2024-25 में 844 दवाओं के नमूने गुणवत्ता परीक्षण में असफल पाए गए थे। ये दवा उद्योग मुख्य रूप से सोलन, सिरमौर, कांगड़ा और ऊना सहित प्रदेश के अन्य जिलों में स्थापित हैं।

19 कंपनियों में दवा निर्माण पर रोक

बार-बार दवाओं के सैंपल फेल होने के मामलों को गंभीरता से लेते हुए औषधि नियंत्रण प्रशासन ने संबंधित कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई की है। दस या इससे अधिक बार सैंपल फेल होने वाली 47 कंपनियों में से 43 का केंद्रीय औषधि नियंत्रक के साथ संयुक्त निरीक्षण करवाया गया। इसके अलावा राज्य औषधि नियंत्रक की ओर से भी अलग से निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के बाद तीन कंपनियों के लाइसेंस पूरी तरह रद्द किए गए, जबकि 19 कंपनियों में दवा निर्माण पर पूर्ण या आंशिक रोक लगाई गई।

संबंधित कंपनियों को औषधि एवं प्रसाधन अधिनियम, 1940 और नियम 1945 के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करना आवश्यक है।

1667 उत्पादों के लाइसेंस पर कार्रवाई

राज्य सरकार ने बार-बार गुणवत्ता परीक्षण में विफल रहने वाली कंपनियों के खिलाफ कई स्तरों पर कार्रवाई की है। विभिन्न कंपनियों के 1608 उत्पाद लाइसेंस निलंबित किए गए, जबकि 59 उत्पाद लाइसेंस निरस्त किए गए। इसके अतिरिक्त चार मामलों में चेतावनी जारी की गई।

इस तरह कुल 1667 उत्पादों के निर्माण पर रोक या लाइसेंस संबंधी कार्रवाई की गई। वहीं, औषधि नियंत्रण प्रशासन की ओर से 17 मामलों में कानूनी कार्रवाई भी की गई है।

जीवनरक्षक इंजेक्शन और गंभीर बीमारियों की दवाएं भी शामिल
गुणवत्ता परीक्षण में फेल दवाओं की सूची में कई महत्वपूर्ण दवाएं शामिल हैं।

इनमें डोब्यूटामाइन हाइड्रोक्लोराइड इंजेक्शन भी है, जिसका उपयोग हृदय की पंप करने की क्षमता कमजोर होने और गंभीर हार्ट फेलियर की स्थिति में किया जाता है।

इसके अलावा एट्रोपिन सल्फेट के नमूने भी फेल पाए गए हैं, जिसका इस्तेमाल विशेष रूप से ऑर्गेनोफॉस्फेट विषाक्तता के उपचार में होता है।

इसी तरह सेफ्ट्रिएक्सोन, एमोक्सिसिलिन-क्लैवुलानेट, पिपेरासिलिन-टैजोबैक्टम, एमिकासिन और जेंटामाइसिन जैसे महत्वपूर्ण एंटीबायोटिक इंजेक्शन भी गुणवत्ता परीक्षण में असफल रहे।

इन दवाओं का इस्तेमाल निमोनिया, गंभीर बैक्टीरियल संक्रमण, सेप्सिस और अस्पतालों में होने वाले संक्रमणों के उपचार में किया जाता है।

इसके अलावा आयरन सुक्रोज और फेरिक कार्बोक्सीमाल्टोज इंजेक्शन के नमूने भी फेल हुए हैं। इनका उपयोग शरीर में आयरन की गंभीर कमी और एनीमिया के उपचार में किया जाता है। मधुमेह के उपचार में इस्तेमाल होने वाली मेटफॉर्मिन और ग्लिमेपिराइड तथा उच्च रक्तचाप नियंत्रित करने वाली एम्लोडिपिन और टेल्मिसार्टन जैसी दवाओं के नमूने भी निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे।

लगातार सामने आ रहे इन मामलों ने हिमाचल के फार्मा उद्योग में गुणवत्ता नियंत्रण और निगरानी व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है। प्रदेश की फार्मा उद्योग से जुड़ी प्रतिष्ठा बनाए रखने के लिए कंपनियों की जवाबदेही तय करने के साथ-साथ नियमित निरीक्षण और दवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करना बेहद जरूरी हो गया है।