धर्मशाला में केंद्रीय विश्वविद्यालय के 10वें दीक्षांत समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्र
शिमला, 22 नवंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि शिक्षा प्रदेश के विकास और आत्मनिर्भरता का सबसे महत्वपूर्ण आधार है। राज्य सरकार का लक्ष्य हिमाचल के युवाओं को आधुनिक ज्ञान और तकनीक से जोड़कर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है।
मुख्यमंत्री रविवार को धर्मशाला में हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के 10वें दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि दीक्षांत समारोह केवल शैक्षणिक यात्रा का पड़ाव नहीं, बल्कि जीवन के नए अध्याय की शुरुआत है।
डिग्री विद्यार्थियों की मेहनत का प्रमाण होने के साथ समाज और देश के प्रति उनकी जिम्मेदारी भी है।
उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, बायोटेक्नोलॉजी और डिजिटल तकनीक के दौर में शिक्षा को युवाओं को रोजगार के साथ अनुसंधान, नवाचार और रोजगार सृजन के लिए भी तैयार करना होगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि गुणात्मक शिक्षा के मामले में हिमाचल प्रदेश वर्ष 2021 के 21वें स्थान से अब देश में पांचवें स्थान पर पहुंच गया है। प्रदेश के 156 सरकारी स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू किया गया है तथा अगले शैक्षणिक सत्र से 100 नए सीबीएसई स्कूल खोलने की तैयारी है। शिक्षा विभाग में 10 हजार पद भरे गए हैं और तीन हजार शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया जारी है।
उन्होंने बताया कि डॉ. वाईएस परमार विद्यार्थी ऋण योजना के तहत उच्च शिक्षा के लिए 20 लाख रुपये तक का ऋण एक प्रतिशत ब्याज पर दिया जा रहा है। वहीं, पिछले दो वर्षों में 88 हजार से अधिक विद्यार्थियों को करीब 92 करोड़ रुपये की छात्रवृत्तियां प्रदान की गई हैं।
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी सरकार की प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के स्वास्थ्य संस्थानों में स्टाफ की उपलब्धता 35 प्रतिशत से बढ़ाकर 70 प्रतिशत की गई है तथा मेडिकल कॉलेजों में रोबोटिक सर्जरी जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं।
समारोह में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, कुलाधिपति हरमोहिंदर सिंह बेदी, कुलपति एसपी बंसल, आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा, मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति जीएस संधावालिया, विधायक केवल सिंह पठानिया, आरएस बाली सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।









