पूर्व में नोटिस जारी होने के बावजूद इसी प्रकृति की गतिविधियां जारी रखने का आरोप, पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में किया पेश
ठियोग, 22 नवंबर
हिम नयन न्यूज़ ब्यूरो वर्मा।
पुलिस थाना ठियोग में सोशल मीडिया के माध्यम से कथित तौर पर असत्य, मानहानिकारक एवं आपत्तिजनक टिप्पणियां प्रसारित करने के मामले में पुलिस ने 47 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

मिली जानकारी के अनुसार, अभियोग संख्या 112/26 दिनांक 13 अगस्त 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं 356, 353(1)(B), 353(1)(C), 248(b) एवं 238(b) में मामला दर्ज किया गया था।
शिकायत के अनुसार, ठियोग निवासी सुशील शर्मा उर्फ सुनील शर्मा पर आस्था फाउंडेशन ठियोग ट्रस्ट के नाम से संचालित फेसबुक पेज के माध्यम से शिकायतकर्ताओं के खिलाफ भ्रष्टाचार संबंधी कथित असत्य एवं मानहानिकारक आरोप और आपत्तिजनक टिप्पणियां प्रसारित करने का आरोप है।
अन्वेषण के दौरान आरोपी ने विवादित पोस्ट और वीडियो स्वयं अपलोड करने तथा बाद में उन्हें डिलीट करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी को 21 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणियां प्रसारित करने के संबंध में पुलिस थाना ठियोग में अभियोग संख्या 176/26 दिनांक 18 नवंबर 2026 को भी दर्ज किया गया है। इससे पहले भी आरोपी को धारा 35(3) BNSS के तहत नोटिस जारी कर भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों से दूर रहने और साक्ष्यों से छेड़छाड़ न करने के लिए पाबंद किया गया था।
इसके बावजूद इसी प्रकृति के अन्य मामले सामने आने तथा पूर्व नोटिस की शर्तों के उल्लंघन, डिजिटल साक्ष्यों को मिटाने और अपराध की पुनरावृत्ति की आशंका के मद्देनजर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया।









