बद्दी, 21 नवंबर,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा
पुलिस जिला बद्दी ने अवैध खनन और खनिज सामग्री के अवैध परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार टिप्परों को जब्त किया है।

यह कार्रवाई पुलिस चौकी जोगो की टीम ने 20 व 21 नवंबर की मध्यरात्रि को गश्त और नाकाबंदी के दौरान की।
पुलिस के अनुसार, रामपुर नदी के पास जांच के दौरान तीन टिप्पर नंबर HP12T-7527, HR68C-2259 और HP12N-4841 खनन सामग्री से लदे हुए पाए गए।

वहीं, सोबन माजरा के पास एक अन्य टिप्पर नंबर HP93A-6156 को बजरी और पत्थर ले जाते हुए पकड़ा गया।
जांच के दौरान चारों वाहनों के चालक खनिज सामग्री के परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। चालकों की पहचान हैप्पी निवासी रामपुर, रणजीत सिंह निवासी रामपुर, चेत राम निवासी चिकना तथा हरमनजीत सिंह निवासी भोगपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने चारों टिप्परों को कब्जे में लेकर हिमाचल प्रदेश खनन अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।
बद्दी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध खनन और बिना वैध दस्तावेजों के खनिज परिवहन करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।








