नशे और साइबर ठगी से बचाव के बताए उपाय।
नालागढ़ (रामशहर) 20नवंबर
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
बद्दी पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और आमजन को विभिन्न अपराधों से बचाने के उद्देश्य से जन-जागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
इसी कड़ी में 20 नवंबर 2026 को पुलिस थाना रामशहर की टीम ने ग्राम पंचायत बेहड़ी में जागरूकता बैठक आयोजित की।

बैठक में ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देते हुए विशेष रूप से एंटी-चिट्टा अभियान के तहत नशे से दूर रहने तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने का आह्वान किया गया।

पुलिस टीम ने लोगों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन के प्रति भी जागरूक किया। इसके अलावा बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय बताते हुए किसी भी संदिग्ध कॉल, अनजान लिंक या व्यक्ति के साथ बैंक संबंधी अथवा निजी जानकारी साझा न करने की सलाह दी गई।

बद्दी पुलिस ने आमजन से अपील की कि वे नशा तस्करी और साइबर अपराधों की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या संबंधित हेल्पलाइन पर दें। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और अपराध मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया।






