/नालागढ़ के राजपुरा में नकली दवाओं के अवैध कारोबार का भंडाफोड़।

नालागढ़ के राजपुरा में नकली दवाओं के अवैध कारोबार का भंडाफोड़।


(UP FDA) की संयुक्त कार्रवाई में 67 हजार एंटीबायोटिक गोलियां और 6,500 प्रेगाबालिन कैप्सूल जब्त

नालागढ़ 19 नवम्बर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा ।

हिमाचल प्रदेश ड्रग कंट्रोल एडमिनिस्ट्रेशन और उत्तर प्रदेश खाद्य एवं औषधि प्रशासन (UP FDA) की संयुक्त कार्रवाई में जिला सोलन के नालागढ़ स्थित राजपुरा क्षेत्र में नकली एवं अवैध दवाओं के निर्माण और भंडारण से जुड़े एक ठिकाने का पर्दाफाश किया गया है। कार्रवाई के दौरान करीब 67 हजार एंटीबायोटिक गोलियां, 6,500 प्रेगाबालिन 300 एमजी कैप्सूल और लगभग 100 किलोग्राम प्रिंटेड एल्युमिनियम फॉयल बरामद कर जब्त की गई। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

ड्रग इंस्पेक्टरों की टीम ने राजपुरा स्थित एक भवन में छापेमारी की, जहां बिना किसी वैध मैन्युफैक्चरिंग लाइसेंस के दवाओं के निर्माण की गतिविधियों के लिए मशीनरी और अन्य उपकरण पाए गए। परिसर से भारी मात्रा में दवाइयों के साथ विभिन्न फार्मा कंपनियों के नाम और ब्रांडिंग वाली प्रिंटेड पैकिंग सामग्री भी बरामद हुई। इससे अन्य कंपनियों के नाम पर नकली दवाओं की पैकेजिंग किए जाने की आशंका जताई गई है।

कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद दो व्यक्तियों को ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940 के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया।

विभाग अब जब्त दवाओं के स्रोत, इनके निर्माण से जुड़े नेटवर्क और सप्लाई चैन की जांच कर रहा है।