18 नवंबर को आयोजित PST और PET में 705 अभ्यर्थियों ने लिया भाग, 411 रहे अनुपस्थित
सोलन 19 नवम्बर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।
जिला सोलन में पुलिस भर्ती प्रक्रिया के तहत 18 नवंबर 2026 को आयोजित शारीरिक मानक परीक्षण (PST) और शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) में कुल 230 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए, जबकि 472 अभ्यर्थी विभिन्न शारीरिक परीक्षणों में अयोग्य पाए गए।

जिला पुलिस विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, इस दिन कुल 1117 अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए बुलाया गया था। इनमें से 706 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जबकि 411 अनुपस्थित रहे।
पंजीकरण के दौरान दो अभ्यर्थियों को अस्वीकार भी किया गया।
परीक्षा के दौरान ऊंचाई के निर्धारित मानकों पर खरा न उतरने के कारण 58 अभ्यर्थी अयोग्य घोषित हुए।

वहीं, 100 मीटर दौड़ में सबसे अधिक 275 अभ्यर्थी अयोग्य पाए गए।
ऊंची कूद में 94, 800/1500 मीटर दौड़ में 31 तथा लंबी कूद में 12 अभ्यर्थी निर्धारित मानकों को पूरा नहीं कर सके।
पुरुष अभ्यर्थियों के छाती परीक्षण में कोई भी अभ्यर्थी अयोग्य नहीं पाया गया।

परीक्षा के दौरान सात शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका निपटारा किया गया। वहीं, एक अपील की समीक्षा की गई। शारीरिक परीक्षण के दौरान तीन अभ्यर्थियों को चोट अथवा मेडिकल संबंधी समस्या हुई। विभाग की रिपोर्ट के अनुसार मौसम, उपकरण खराबी, गर्मी के कारण परीक्षा रोकने, अनुशासनहीनता या अन्य किसी प्रकार की घटना सामने नहीं आई।
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि एक अभ्यर्थी, जिसे 17 नवंबर के लिए बुलाया गया था, पहले ही परीक्षा देकर अयोग्य घोषित हो चुका था।
वहीं, 17 नवंबर के लिए निर्धारित एक अन्य अभ्यर्थी को 18 नवंबर को परीक्षा देने की अनुमति दी गई, जिसमें वह सफल रहा। आज के लिए निर्धारित एक अभ्यर्थी को 23 नवंबर को परीक्षा देने की अनुमति प्रदान की गई है।
जिला सोलन पुलिस की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार, 18 नवंबर को कुल 231 अभ्यर्थी शारीरिक परीक्षण में सफल रहे।









