/पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ में 21-22 नवंबर को आयोजित होगा एचएमबीकॉन-26

पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ में 21-22 नवंबर को आयोजित होगा एचएमबीकॉन-26

मानव दुग्ध बैंकिंग और स्तनपान प्रबंधन सेवाओं को मजबूत बनाने पर रहेगा विशेष जोर

चंडीगढ़, 18 नवंबर
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।

मानव दुग्ध बैंकिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया (HMBAI) की ओर से 12वां वार्षिक सम्मेलन एचएमबीकॉन-26 (HMBCON-26) आगामी 21 और 22 नवंबर को पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (पीजीआईएमईआर), चंडीगढ़ के एडवांस्ड पीडियाट्रिक्स सेंटर स्थित बाल रोग विभाग में आयोजित किया जाएगा।

इस वर्ष सम्मेलन का विषय “CLMC: Evidence, Innovation & Excellence in NICU Care” रखा गया है। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य मानव दुग्ध बैंकिंग और व्यापक स्तनपान प्रबंधन सेवाओं को सुदृढ़ करना तथा नवजात शिशुओं की देखभाल में वैज्ञानिक एवं प्रमाण-आधारित पद्धतियों को बढ़ावा देना है।

विशेषज्ञों के अनुसार, मां का दूध केवल पोषण का साधन नहीं, बल्कि नवजात शिशुओं को संक्रमण और अन्य स्वास्थ्य जोखिमों से सुरक्षा प्रदान करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

विशेष रूप से समय से पहले जन्मे, बीमार अथवा ऐसे शिशु जिन्हें सीधे मां का दूध उपलब्ध नहीं हो पाता, उनके लिए मानव दुग्ध बैंक जीवनरक्षक साबित हो सकते हैं। इन बैंकों के माध्यम से सुरक्षित जांच और उचित प्रसंस्करण के बाद दान किया गया मानव दूध जरूरतमंद शिशुओं तक पहुंचाया जाता है।

इस राष्ट्रीय सम्मेलन में नवजात रोग विशेषज्ञ, बाल रोग चिकित्सक, स्तनपान विशेषज्ञ, नर्सिंग स्टाफ और मानव दुग्ध बैंकिंग से जुड़े पेशेवर भाग लेंगे। सम्मेलन के दौरान वैज्ञानिक जानकारियों का आदान-प्रदान करने के साथ वर्तमान चुनौतियों और चिकित्सा क्षेत्र में नए नवाचारों पर भी चर्चा की जाएगी।

सम्मेलन से पहले 21 नवंबर को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक मानव दुग्ध बैंकिंग एवं व्यापक स्तनपान प्रबंधन केंद्र (CLMC) तथा स्तनपान कौशल विकास विषयों पर विशेष कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी।

सम्मेलन का प्रमुख संदेश है कि मानव दूध की हर बूंद महत्वपूर्ण है और प्रत्येक नवजात शिशु सर्वोत्तम संभव देखभाल का हकदार है।