रामशहर 16 नवम्बर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।
लोक निर्माण विभाग के रामशहर एवं अर्की उपमंडल के अधीन आने वाले रामशहर–चलानी–भ्यूंखरी–लघदा घाट–सौर रजबाह–लोहारघाट–जयनगर सड़क मार्ग की हालत खस्ता होने से क्षेत्र की करीब 12 पंचायतों के हजारों ग्रामीणों में प्रदेश सरकार एवं विभाग के प्रति गहरा रोष व्याप्त है।
करीब 32 किलोमीटर लंबे इस सड़क मार्ग से दुर्गम क्षेत्र परगना मलौन सहित आसपास की पंचायतों के हजारों लोगों को आवागमन की सुविधा मिलती है।
इस मार्ग पर दो निजी तथा तीन हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसें प्रतिदिन आवाजाही करती हैं। इसके अलावा दोपहिया, चौपहिया वाहनों और मालवाहक ट्रकों का भी लगातार आवागमन रहता है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि दोपहिया वाहन चालकों के लिए यहां सफर करना जोखिम भरा बन गया है। विशेषकर चलानी से पुल तक सड़क की स्थिति बेहद दयनीय बनी हुई है।
सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
किसानों एवं बागवानों ने बताया कि सड़क की बदहाली के कारण उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
कृषि एवं बागवानी उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने में अधिक समय लगने के साथ-साथ वाहनों का ईंधन और परिवहन खर्च भी बढ़ रहा है।






