पुलिस चौकी कुठाड़ में भी पहुंचकर करता रहा हंगामा, आरोपी से पिस्तौल बरामद
सोलन (कसौली) 12 नवम्बर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
पुलिस थाना कसौली के अंतर्गत बंगोआ गांव में एक महिला को पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी देने और बाद में स्वयं आत्महत्या करने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी की पहचान नरेन्द्र कुमार (37) पुत्र स्वर्गीय मनोहर लाल, निवासी नबीपुर कॉलोनी, तहसील एवं जिला गुरदासपुर (पंजाब) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर को बंगोआ निवासी महिला ने शिकायत दर्ज करवाई कि आरोपी उसके घर में घुस आया और उसके बेटे के सामने उस पर पिस्तौल तानकर जान से मारने तथा स्वयं आत्महत्या करने की धमकी देने लगा।
इसके बाद आरोपी शाम करीब 5 बजे दोबारा वहां पहुंचा और महिला का पीछा करते हुए पुलिस चौकी कुठाड़ तक जा पहुंचा। वहां भी वह पिस्तौल निकालकर स्वयं को गोली मारने की धमकी देता रहा।
पुलिस चौकी कुठाड़ में तैनात कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को काबू कर लिया और उसके कब्जे से पिस्तौल बरामद की।
आरोपी हथियार से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
इस मामले में पुलिस थाना कसौली में एफआईआर संख्या 86/2026, दिनांक 11 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 333, 351(3) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27/54/59 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ उसकी मोटरसाइकिल और पिस्तौल भी जब्त कर ली है।
पुलिस के अनुसार आरोपी को आज माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है। उसके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है तथा मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।







