350 से अधिक विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित
ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग से जल्द रिक्त पद भरने की उठाई मांग
नालागढ़(रामशहर) 5 नवम्बर
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
हिमाचल प्रदेश सरकार जहां सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के बड़े-बड़े दावे कर रही है, वहीं जिला सोलन के पहाड़ी क्षेत्र की सबसे पुरानी पाठशालाओं में शुमार राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामशहर में शिक्षकों और प्रवक्ताओं के अनेक पद वर्षों से रिक्त पड़े हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक इस पाठशाला में वर्तमान में 350 से अधिक विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं, लेकिन पर्याप्त शिक्षक और प्रवक्ता उपलब्ध न होने के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों को कई बार अवगत करवाया गया है।
स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष भी प्रस्तावों के माध्यम से विभाग से रिक्त पद भरने की मांग कर चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई
ग्रामीणों के अनुसार, स्कूल में कला अध्यापक, भाषा अध्यापक तथा शारीरिक शिक्षक के अलावा विज्ञान संकाय के भौतिक विज्ञान, जीव विज्ञान और रसायन विज्ञान सहित कई महत्वपूर्ण विषयों के प्रवक्ताओं के पद रिक्त चल रहे हैं।
वाणिज्य संकाय में भी शिक्षकों की उपलब्धता को लेकर समस्या बताई जा रही है। इन पदों के रिक्त रहने से विद्यार्थियों को संबंधित विषयों की पढ़ाई में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
परिणामस्वरूप कुछ विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए अन्य पाठशालाओं का रुख करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने सरकार एवं शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि रामशहर की इस ऐतिहासिक पाठशाला में सभी रिक्त पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरा जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।
पाठशाला के प्रधानाचार्य मुकेश कुमार वर्मा ने बताया कि रिक्त पदों के बारे में समय-समय पर विभागीय अधिकारियों को लिखित पत्रों के माध्यम से अवगत करवाया जाता रहा है।
उन्होंने कहा कि स्कूल में शिक्षकों एवं प्रवक्ताओं के रिक्त पदों के कारण शैक्षणिक गतिविधियों को सुचारू रूप से चलाने में कठिनाइयां आ रही हैं।







