/जमीन पर बाड़ लगाने को लेकर कुल्हाड़ी से हमला, तीन लोग घायल।

जमीन पर बाड़ लगाने को लेकर कुल्हाड़ी से हमला, तीन लोग घायल।

बीबीएन 14 नवंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा ।

पुलिस थाना मानपुरा के अंतर्गत बनवीरपुर गांव में जमीन पर बाड़ लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद मारपीट में बदल गया।

मिली जानकारी के मुताबिक घटना में एक ही परिवार के तीन लोग घायल हुए हैं।

शिकायत के मुताबिक हाकम पुत्र मानसू राम निवासी बनवीरपुर ने बताया कि 13 नवंबर 2026 को गांव का ही जोगिंद्र अपने पिता पोलू के साथ उसकी दुकान के पास स्थित जमीन पर लकड़ी की बलियां गाड़कर बाड़ लगा रहा था। इसी दौरान घर से निकलने वाले पानी के पाइप को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि जोगिंद्र ने अपने बेटे और पिता के साथ मिलकर उस पर, उसके बेटे भाग सिंह तथा बहू सुषमा देवी पर कुल्हाड़ी से हमला कर उन्हें चोटें पहुंचाईं।

पुलिस ने घायलों की मेडिकल रिपोर्ट और शिकायत के आधार पर थाना मानपुरा में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 115(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। साथ ही उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है।

मामले में आगामी जांच जारी है।