/नटराज संस्कृति कला मंच की कमान संभालेंगे वरिष्ठ पत्रकार रामलाल पाठक।

नटराज संस्कृति कला मंच की कमान संभालेंगे वरिष्ठ पत्रकार रामलाल पाठक।

फूलां चन्देल के निधन पर सदस्यों ने दी श्रद्धांजलि।

बिलासपुर (घुमारवीं) 14नवम्बर ,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा।

राष्ट्रीय स्तर पर अपनी लोक संस्कृति की पहचान बना चुके नटराज संस्कृति कला मंच घुमारवीं की साधारण सभा एवं चुनावी अधिवेशन शिवांशु चौहान की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ।

अधिवेशन में मंच की पूर्व अध्यक्ष एवं अंतरराष्ट्रीय नृत्यांगना स्वर्गीय फूलां चन्देल के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उपस्थित सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस दौरान पुरानी कार्यकारिणी को भंग कर नई कार्यकारिणी के गठन के लिए चुनाव करवाए गए।

सर्वसम्मति से हुए चुनाव में वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार रामलाल पाठक को मंच का प्रधान चुना गया।

नई कार्यकारिणी में स्वेता चौहान (स्वर्गीय फूलां चन्देल की पुत्रवधू) को वरिष्ठ उपप्रधान, लोकगायक प्रकाश चन्द शर्मा को उपप्रधान, नाटक निर्देशक बलदेव लखनपाल को महासचिव, गायिका पूजा कुमारी को सहसचिव तथा लोकगायिका रीमा भारद्वाज को कोषाध्यक्ष चुना गया। वहीं नील कमल को प्रचार सचिव और कौशल्या देवी, जगदीश बिट्टू तथा काजल को कार्यकारिणी सदस्य की जिम्मेदारी सौंपी गई।

नवनिर्वाचित प्रधान रामलाल पाठक ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बिलासपुर जिले की विशुद्ध लोक संस्कृति को प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए गंभीरता से प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मंच स्वर्गीय फूलां चन्देल के बताए मार्ग पर चलते हुए लोक संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्द्धन के लिए समर्पित भाव से कार्य करेगा।

उन्होंने बताया कि पूर्व वर्षों की भांति केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

मंच की आगामी बैठक में अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा कर भविष्य की गतिविधियों की रूपरेखा तैयार की जाएगी।

नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का कार्यकाल आगामी तीन वर्षों का होगा।