ग्राम पंचायत खेड़ा की शिकायत पर एसडीएम नालागढ़ ने एनएचएआई के परियोजना निदेशक को कार्रवाई के निर्देश दिए
नालागढ़ 15 नवंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
राष्ट्रीय राजमार्ग-105 के साथ संपर्क मार्ग व नालियों का निर्माण नहीं होने से ग्राम पंचायत खेड़ा के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
संपर्क मार्ग तथा पानी की निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण बारिश का पानी तो लोगों के घरों में घुस ही रहा है, वहीं वार्ड नंबर चार से राजपुरा मार्ग पर आवागमन में भी भारी दिक्कतें पेश आ रही हैं।
इस समस्या को लेकर ग्राम पंचायत खेड़ा के प्रधान एवं सचिव ने 22 अगस्त 2026 को प्रस्ताव संख्या-08 के माध्यम से एसडीएम नालागढ़ के समक्ष मामला उठाया था।
एसडीएम नालागढ़ ने इस शिकायत पर संज्ञान लेते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के परियोजना निदेशक, शिमला को पत्र लिखकर मौके का निरीक्षण करने और मामले की जांच करने के निर्देश दिए हैं।
पत्र में कहा गया है कि समस्या के समाधान के लिए नियमानुसार उचित कार्रवाई अमल में लाई जाए तथा की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट एसडीएम कार्यालय को भेजी जाए।
साथ ही संबंधित ग्राम पंचायत को भी कार्रवाई से अवगत करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
अब ग्रामीणों को उम्मीद है कि एनएचएआई इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द नालियों का निर्माण और पानी की निकासी की उचित व्यवस्था करेगा, ताकि बरसात के दौरान लोगों को परेशानी न झेलनी पड़े।







