लडभड़ोल में 200 से 250 फुट गहरी खाई में गिरी कार, करीब 15 घंटे बाद चला हादसे का पता; क्षेत्र में शोक की लहर
मंडी/जोगिंद्रनगर 18 नवम्बर
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।
हिमाचल के जिला मंडी जोगिंद्रनगर उपमंडल के लडभड़ोल क्षेत्र में मंगलवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में छह युवकों की मौत हो गई।मृतकों में चार नाबालिग भी शामिल बताए जा रहे हैं।
सभी युवक एक कार में सवार थे, जो लडभड़ोल पेट्रोल पंप के समीप अनियंत्रित होकर करीब 200 से 250 फुट गहरी खाई में जा गिरी।
हैरानी की बात यह है कि हादसे के बाद करीब 15 घंटे तक किसी को इसकी जानकारी नहीं मिल पाई।
बुधवार दोपहर बाद एक बाइक सवार की नजर खाई में गिरी दुर्घटनाग्रस्त कार पर पड़ी, जिसके बाद हादसे का पता चला। उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार सभी छह युवक मंगलवार को सिमस में आयोजित एक नामकरण समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू कर दी।
बुधवार सुबह तक कोई जानकारी नहीं मिलने पर परिवारों ने पुलिस की मदद ली। इसी दौरान पेट्रोल पंप के पास से गुजर रहे बाइक सवार ने खाई में कार को देखा।
सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा गहरी खाई में उतरकर बचाव अभियान चलाया। कार में सवार सभी छह युवकों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे में कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
मृतकों की पहचान आयुष राय, अनुज कुमार और यश राय निवासी सिमस, पंकज कुमार व अर्णव ठाकुर निवासी गवाला तथा आदित्य कुमार निवासी दरोब के रूप में हुई है। एक साथ छह युवकों की मौत की खबर से सिमस, गवाला, दरोब और पूरे लडभड़ोल क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
बताया जा रहा है कि लडभड़ोल बाजार में दुकानें और व्यवसाय करने वाले परिवारों से संबंधित ये युवक समारोह में शामिल होने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार हादसे का शिकार हो गई।
तहसीलदार डॉ. मुकुल अनिल शर्मा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रशासन की ओर से मृतकों के परिवारों को 25-25 हजार रुपये की फौरी राहत राशि प्रदान की गई है।
वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने लडभड़ोल में हुए इस भीषण सड़क हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि कार के गहरी खाई में गिरने से उसमें सवार सभी छह लोगों की असामयिक मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है।
मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।









