देशभर के रेडियोलॉजिस्ट, फेफड़ा रोग विशेषज्ञ और थोरैसिक सर्जन के साथ अमेरिका और कनाडा के विशेषज्ञ भी हुए शामिल
चंडीगढ़, 20 नवंबर
हिम नयन न्यूज़ ब्यूरो वर्मा।
पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (पीजीआईएमईआर), चंडीगढ़ में छाती की इमेजिंग और चिकित्सा हस्तक्षेपों पर आधारित सोसायटी ऑफ चेस्ट इमेजिंग एंड इंटरवेंशन का आठवां वार्षिक राष्ट्रीय सम्मेलन SCIICON-2026 शुक्रवार से शुरू हो गया।

20 से 22 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय सम्मेलन में देशभर से प्रतिष्ठित रेडियोलॉजिस्ट, पल्मोनोलॉजिस्ट, थोरैसिक सर्जन, स्नातकोत्तर रेजिडेंट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं।

सम्मेलन में अमेरिका और कनाडा के अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ भी शामिल हुए हैं।
पीजीआईएमईआर के रेडियोडायग्नोसिस एंड इमेजिंग विभाग की ओर से आयोजित इस सम्मेलन का उद्देश्य छाती से संबंधित रोगों की आधुनिक इमेजिंग तकनीकों, निदान और चिकित्सा हस्तक्षेपों के क्षेत्र में नवीनतम प्रगति पर विचार-विमर्श तथा विशेषज्ञों के बीच शैक्षणिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देना है।
सम्मेलन के पहले दिन इंटरस्टिशियल लंग डिजीज (ILD) और चेस्ट इंटरवेंशन विषयों पर विशेष प्री-कॉन्फ्रेंस कार्यशालाएं आयोजित की गईं।
सम्मेलन के आयोजन अध्यक्ष डॉ. मंजीप गर्ग ने बताया कि इन कार्यशालाओं के माध्यम से फेफड़ों की जटिल बीमारियों के निदान, इमेजिंग मूल्यांकन और उपचार के आधुनिक तरीकों के साथ-साथ इमेज-गाइडेड थोरैसिक इंटरवेंशन की नवीन तकनीकों पर व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध करवाई जा रही है।
21 और 22 नवंबर को होने वाले मुख्य सम्मेलन में फेफड़ों के कैंसर की आधुनिक इमेजिंग, इंटरस्टिशियल लंग डिजीज, फेफड़ों के संक्रमण, पल्मोनरी वैस्कुलर इमेजिंग, ऑन्कोलॉजिकल इमेजिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और इमेज-गाइडेड थोरैसिक इंटरवेंशन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी।
सोसायटी ऑफ चेस्ट इमेजिंग एंड इंटरवेंशन की अध्यक्ष डॉ. रविंदर कौर ने कहा कि सोसायटी शिक्षा, अनुसंधान और शैक्षणिक सहयोग को बढ़ावा देने के साथ छाती संबंधी बीमारियों के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
इसके अलावा चेस्ट इमेजिंग और थोरैसिक इंटरवेंशन की कार्यप्रणाली में एकरूपता तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए साक्ष्य आधारित दिशा-निर्देश और सिफारिशें तैयार करने पर भी जोर दिया जा रहा है।
सम्मेलन की आयोजन सचिव डॉ. उमा देवी हैं, जबकि डॉ. अनमोल भाटिया कोषाध्यक्ष तथा डॉ. निधि प्रभाकर, डॉ. हरीश भुजाडे और डॉ. रघुरामन एस. संयुक्त आयोजन सचिव की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।







