/रामशहर में पांच दिवसीय एफएलएन प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न।

रामशहर में पांच दिवसीय एफएलएन प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न।


61 अध्यापकों ने लिया प्रशिक्षण, दिसंबर में सभी स्कूलों में निपुण मेले आयोजित करने के निर्देश।

सोलन (रामशहर), 21 नवंबर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।

शिक्षा खंड रामशहर के बीआरसी कार्यालय में आयोजित पांच दिवसीय एफएलएन (बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान) प्रशिक्षण कार्यक्रम शनिवार को संपन्न हो गया।

कार्यक्रम के अंतिम दिन प्रशिक्षुओं की ओर से निपुण मेले का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ ब्लॉक प्रोजेक्ट ऑफिसर एवं प्रधानाचार्य मुकेश वर्मा ने किया।

निपुण मेले में अध्यापकों ने एफएलएन से संबंधित शिक्षण-अधिगम सामग्री (टीएलएम), चार्ट, मॉडल तथा बच्चों की विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों का प्रदर्शन किया। प्रस्तुत शिक्षण सामग्री और गतिविधियों को उपस्थित लोगों ने सराहा।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन समारोह की अध्यक्षता खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी रामेश्वर दास बंसल ने की। उन्होंने अध्यापकों से प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान और तकनीकों को अपने-अपने विद्यालयों में प्रभावी ढंग से लागू करने का आह्वान किया।

उन्होंने निर्देश दिए कि दिसंबर माह में सभी विद्यालयों में अनिवार्य रूप से निपुण मेले आयोजित किए जाएं, ताकि बच्चों में बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान की नींव को और मजबूत किया जा सके।

इस अवसर पर बीआरसीसी कार्यालय से खेम राज शर्मा और यशपाल शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यशाला के समन्वयक शिवेंद्र कौशल ने बताया कि पांच दिवसीय इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में शिक्षा खंड के कुल 61 अध्यापकों ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त किया। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी प्रतिभागियों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया।