28 से 30 नवंबर तक बद्दी के वर्धमान चौक मैदान में होगा जिला स्तरीय रेड क्रॉस मेला
बद्दी 21 नवंबर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।
जिला स्तरीय रेड क्रॉस मेले में विभिन्न प्रकार के स्टॉल लगाने के इच्छुक व्यापारियों, उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को 25 नवंबर, 2026 से पहले आवेदन करना होगा।
उपमंडलाधिकारी एवं बद्दी रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष संजीव धीमान ने बताया कि 28 से 30 नवंबर, 2026 तक बद्दी के वर्धमान चौक स्थित मैदान में जिला स्तरीय रेड क्रॉस मेले का आयोजन किया जा रहा है।
मेले में खेलकूद, सांस्कृतिक एवं मनोरंजन गतिविधियों के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि मेले में स्थानीय खान-पान, पारंपरिक व्यंजनों और खाद्य उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए फूड स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके अलावा व्यापारिक उत्पादों, हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों और उद्यमियों के लिए प्रदर्शनी एवं व्यावसायिक स्टॉल लगाने की व्यवस्था भी की गई है।
संजीव धीमान ने कहा कि इच्छुक व्यापारी, उद्यमी, स्वयं सहायता समूह अथवा अन्य व्यक्ति स्टॉल लगाने के लिए 25 नवंबर से पहले उपमंडलाधिकारी कार्यालय बद्दी में संपर्क कर आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
स्टॉल आवंटन उपलब्ध स्थान और निर्धारित व्यवस्थाओं के अनुसार प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
उन्होंने क्षेत्र के व्यापारियों, स्थानीय उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों से मेले में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक व्यंजनों और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा लोगों को अपने उत्पादों एवं सेवाओं के प्रचार-प्रसार के लिए बेहतर मंच उपलब्ध होगा।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से भी मेले में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर आयोजन को सफल बनाने का आग्रह किया।








