/पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ में SCIICON-2026 का आठवां राष्ट्रीय सम्मेलन संपन्न

पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ में SCIICON-2026 का आठवां राष्ट्रीय सम्मेलन संपन्न

देशभर से 200 से अधिक विशेषज्ञों ने लिया भाग, छाती एवं फेफड़ों की बीमारियों की आधुनिक जांच और उपचार तकनीकों पर हुआ मंथन

चंडीगढ़, 22 नवंबर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।

पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (पीजीआईएमईआर), चंडीगढ़ में सोसाइटी ऑफ चेस्ट इमेजिंग एंड इंटरवेंशन (SCII) का आठवां वार्षिक राष्ट्रीय सम्मेलन SCIICON-2026 रविवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया।

20 से 22 नवंबर तक आयोजित इस तीन दिवसीय सम्मेलन में देशभर से 200 से अधिक चिकित्सा विशेषज्ञों ने भाग लिया।


सम्मेलन का मुख्य विषय ‘जहां नैदानिक दृष्टि का मिलन इंटरवेंशनल सटीकता से होता है’ रहा। इसमें भारत, अमेरिका और कनाडा के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों से पहुंचे विशेषज्ञों ने छाती एवं फेफड़ों की आधुनिक इमेजिंग तकनीकों, फेफड़ों के कैंसर की स्क्रीनिंग, इंटरस्टिशियल लंग डिजीज (ILD), छाती के संक्रमण और इमेज-गाइडेड इंटरवेंशन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने अनुभव साझा किए।


सम्मेलन के वैज्ञानिक कार्यक्रम की शुरुआत 20 नवंबर को दो विशेष कार्यशालाओं से हुई। इनमें इमेज-गाइडेड थोरेसिक इंटरवेंशन और इंटरस्टिशियल लंग डिजीज पर प्रतिभागियों को आधुनिक नैदानिक प्रक्रियाओं एवं इंटरवेंशनल तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।


21 नवंबर को सम्मेलन का औपचारिक उद्घाटन पीजीआईएमईआर के डीन (एकेडमिक्स) डॉ. संजय जैन ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। इस अवसर पर रेडियोडायग्नोसिस विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. एम.एस. संधू विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। आयोजन अध्यक्ष डॉ. मंदीप गर्ग, SCII की अध्यक्ष डॉ. रविंदर कौर तथा सचिव डॉ. विमल राज ने भी विचार रखे। आयोजन सचिव डॉ. उमा देवी ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।


वैज्ञानिक सत्रों में रेडियोलॉजी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और राष्ट्रीय फेफड़ा कैंसर स्क्रीनिंग कार्यक्रम जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष वाद-विवाद आयोजित किए गए।

सम्मेलन के अंतिम दिन बहुविषयक चिकित्सा टीम (MDT) चर्चाओं के साथ रेडियोलॉजी रेजिडेंट्स के लिए थोरेसिक इमेजिंग क्विज प्रतियोगिता भी करवाई गई।


समापन समारोह में पीजीआईएमईआर के रेडियोडायग्नोसिस विभागाध्यक्ष प्रो. अक्षय सक्सेना ने देश-विदेश से आए विशेषज्ञों, आयोजन समिति और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने सम्मेलन की सफलता में सभी के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के अकादमिक आयोजन चिकित्सा विज्ञान में नवीनतम तकनीकों और ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा देते हैं।