सैनिकों के सम्मान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, मंत्री सार्वजनिक रूप से माफी मांगें : पुरुषोत्तम गुलेरिया
हमीरपुर, 23 नवंबर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।
प्रदेश सरकार के मंत्री जगत सिंह नेगी की राफेल लड़ाकू विमानों और भारतीय सेना को लेकर की गई कथित टिप्पणियों के विरोध में भाजपा पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ जिला हमीरपुर ने धरना-प्रदर्शन किया।
इस दौरान पूर्व सैनिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनकी प्रतीकात्मक शवयात्रा निकाली और पुतला दहन किया।

प्रदर्शन में भाजपा हिमाचल प्रदेश के सभी प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक पुरुषोत्तम गुलेरिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना देश की आन, बान और शान है तथा सैनिकों के सम्मान से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा।

गुलेरिया ने कहा कि मंत्री की टिप्पणियों से पूर्व सैनिकों में रोष है। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से सरकार का आधिकारिक पक्ष स्पष्ट करने और मंत्री जगत सिंह नेगी से अपने बयान का संदर्भ स्पष्ट करते हुए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।

उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन भारतीय सेना और सैनिकों का सम्मान दलगत राजनीति से ऊपर है। हिमाचल प्रदेश वीरभूमि है और यहां के हजारों परिवारों का सशस्त्र सेनाओं से गहरा जुड़ाव है। ऐसे संवेदनशील विषयों पर जनप्रतिनिधियों को जिम्मेदारी और मर्यादा का परिचय देना चाहिए।
इस दौरान पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के जिला पदाधिकारी अनूप ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी, पूर्व सैनिक और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।










