/ठियोग में शिमला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन घरों से 8 किलो चरस बरामद; तीन आरोपी गिरफ्तार

ठियोग में शिमला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन घरों से 8 किलो चरस बरामद; तीन आरोपी गिरफ्तार

शिमला (ठियोग), 23 नवंबर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा ।

नशा तस्करी के खिलाफ शिमला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना ठियोग क्षेत्र के गांव बहानी में एक साथ तीन अलग-अलग घरों में दबिश दी। पुलिस की इस समन्वित कार्रवाई के दौरान कुल 8 किलोग्राम चरस बरामद की गई और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।


पुलिस ने खुफिया सूचनाओं के आधार पर सोमवार तड़के योजनाबद्ध तरीके से तीनों ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। पहले ठिकाने पर श्याम सिंह पुत्र स्वर्गीय हीरा सिंह के घर की तलाशी के दौरान 1.7 किलोग्राम चरस बरामद हुई। दूसरे ठिकाने पर लक्ष्मी नंद पुत्र स्वर्गीय हेत राम के घर से लगभग 900 ग्राम चरस मिली। वहीं, तीसरे ठिकाने पर हरि वल्लभ पुत्र स्वर्गीय दिला राम के घर से 5.5 किलोग्राम चरस के अलावा 1,05,690 रुपये नकद और एक वजन मशीन बरामद की गई।


पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध पुलिस थाना ठियोग में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। इनमें अभियोग संख्या 179/26, 180/26 और 181/26 शामिल हैं। तीनों मामले 22 नवंबर 2026 को दर्ज किए गए हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर नशा तस्करी के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।


2026 में कमर्शियल मात्रा के 27 मामले दर्ज


शिमला पुलिस के अनुसार नशा तस्करी के बड़े नेटवर्क पर कार्रवाई तेज करते हुए वर्ष 2026 में अब तक कमर्शियल मात्रा के 27 मामले दर्ज किए गए हैं। इसके मुकाबले वर्ष 2025 में 6, वर्ष 2024 में 14 और वर्ष 2023 में 6 ऐसे मामले दर्ज हुए थे। इस प्रकार वर्ष 2026 के 27 मामले पिछले तीन वर्षों के कुल 26 मामलों से भी अधिक हैं।


पुलिस का कहना है कि इस वर्ष रणनीति में बदलाव करते हुए बड़े नशा तस्करों और उनके नेटवर्क को निशाना बनाया गया है। पुलिस के अनुसार इस अभियान से चिट्टे की आपूर्ति पर अंकुश लगाने और युवाओं को नशे से बचाने में मदद मिली है।


शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों और उनके ठिकानों को चिन्हित कर कार्रवाई जारी रहेगी। तीनों मामलों में आगामी अन्वेषण जारी है।