ननखड़ी निवासी उमेश सिंगला की मौत के मामले में पुलिस ने शुरू की जांच, SFSL टीम ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
शिमला, 23 नवंबर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।
राजधानी शिमला के मिडल बाजार स्थित एक होटल में ठहरे युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान उमेश सिंगला निवासी तहसील ननखड़ी के रूप में हुई है।
पुलिस को 23 नवंबर को युवक की मौत की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उमेश सिंगला 22 नवंबर को होटल में ठहरा था। देर रात उसकी तबीयत ठीक न होने की सूचना होटल कर्मचारियों को मिली।
कर्मचारियों ने उसे उठाने का प्रयास किया, लेकिन वह कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहा था। इसके बाद पुलिस की सहायता से उसे IGMC शिमला पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ होटल से संबंधित व्यक्तियों के बयान दर्ज किए हैं। वहीं, घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच के लिए SFSL की टीम को भी बुलाया गया।
फिलहाल पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने के लिए मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।










