आरोपी की निशानदेही पर जंगल से बरामद हुए सोने-चांदी के आभूषण और मंदिर की अन्य बहुमूल्य वस्तुएं
शिमला 24 नवम्बर
हिम नयन न्यूज़ ब्यूरो वर्मा।
हिमाचल की राजधानी शिमला के प्राचीन ऐतिहासिक संकट मोचन मंदिर में हुई चोरी के मामले में शिमला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर मंदिर से चोरी की गई संपत्ति का शत-प्रतिशत सामान बरामद कर लिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस थाना पश्चिम, जिला शिमला में इस मामले में अभियोग संख्या 236/26, दिनांक 01 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305(D) के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले में आरोपी हितेन्द्र कंवर उर्फ बंटी (31), निवासी बसंतपुर, तहसील सुन्नी, जिला शिमला को 23 नवंबर 2026 को धारा 120B BNS के तहत गिरफ्तार किया गया था।

मामले की आगामी जांच के दौरान 23 नवंबर को आरोपी की निशानदेही पर कमयाणा, भराड़ी के समीप जंगल से मंदिर से चोरी की गई संपत्ति बरामद की गई।
बरामद सामान में हनुमान जी की गदाएं, चांदी के मुकुट, छत्र, पायल, कड़े, कुंडल, कटोरियां, चम्मच, हार, चांदी की जोत, चरण पादुकाएं सहित विभिन्न धार्मिक आभूषण एवं अन्य वस्तुएं शामिल हैं।
बरामदगी के समय संकट मोचन मंदिर के ट्रस्टी भी मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने बरामद वस्तुओं की पहचान मंदिर से चोरी हुई संपत्ति के रूप में की। पुलिस ने सभी वस्तुओं को नियमानुसार कब्जे में ले लिया है।
इस प्रकार शिमला पुलिस ने चोरी की गई संपत्ति की 100 प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित की है। मामले में पुलिस का आगामी अन्वेषण जारी है।










