गुरु नानक देव जी ने आडंबरों और मूर्ति पूजा से दूर रहकर सत्य एवं आध्यात्मिक ज्ञान का संदेश दिया : श्री माताजी
शिमला 24 नवम्बर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।
श्री माताजी निर्मला देवी ने 22 फरवरी 1982 को दिए अपने प्रवचन में गुरु नानक देव जी के व्यक्तित्व और आध्यात्मिक विचारों पर प्रकाश डालते हुए उन्हें केवल एक पैगंबर ही नहीं, बल्कि आदि गुरु अर्थात परम आदिम गुरु का अवतार बताया था।

श्री माताजी निर्मला देवी जी के अनुसार, गुरु नानक देव जी एक दिव्य व्यक्तित्व थे। उन्होंने अपने समय में समाज में प्रचलित धार्मिक आडंबरों और कर्मकांडों पर सवाल उठाए तथा लोगों को वास्तविक आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाया।

उन्होंने कहा था कि उस समय समाज में धार्मिक कर्मकांडों का प्रभाव बढ़ गया था और धर्म के नाम पर कुछ लोग मंदिरों के माध्यम से धन अर्जित कर रहे थे। श्री माताजी ने इस स्थिति पर बताते हुए कहा कि गुरु नानक देव जी ने लोगों को धर्म के वास्तविक स्वरूप को समझने की प्रेरणा दी।
श्री माताजी ने अपने प्रवचन में इस बात का भी उल्लेख किया कि गुरु नानक देव जी के अनुसार सृष्टि की रचना आदि शक्ति, यानी परम आदिम माता द्वारा हुई है।

उन्होंने मूर्तियों की पूजा के बजाय वास्तविक आध्यात्मिक सत्य को समझने पर जोर दिया था।
श्री माताजी का यह संदेश आज भी प्रासंगिक है, क्योंकि यह धर्म के बाहरी आडंबरों से ऊपर उठकर आत्मज्ञान, सत्य और आध्यात्मिक चेतना को महत्व देने की प्रेरणा देता है।










