/दभोटा में अवैध खनन पर बद्दी पुलिस की कार्रवाई।

दभोटा में अवैध खनन पर बद्दी पुलिस की कार्रवाई।

बजरी से लदा टिप्पर जब्त

नालागढ़ 24 नवम्बर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।

क्षेत्र में अवैध खनन और खनिज सामग्री के अवैध परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बद्दी पुलिस ने दभोटा में बजरी से लदे एक टिप्पर को जब्त किया है।


पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज पुलिस चौकी दभोटा की टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान दभोटा में टिप्पर नंबर HP-12Q-9214 को जांच के लिए रोका गया। जांच करने पर टिप्पर बजरी (ग्रेवल) से भरा हुआ पाया गया।


टिप्पर चालक विक्रम सिंह पुत्र अंग्रेज सिंह, निवासी मसलोट, डाकघर अमोस, जिला रियासी (जम्मू-कश्मीर), पुलिस टीम के समक्ष खनन सामग्री के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने टिप्पर को कब्जे में लेकर उसमें लदी बजरी को पुलिस लाइन किशनपुरा में खाली करवा दिया, जबकि वाहन को आगामी कार्रवाई के लिए पुलिस चौकी दभोटा में खड़ा किया गया है।


पुलिस ने मामले में खनन अधिनियम के तहत आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। बद्दी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस पर अंकुश लगाने के लिए क्षेत्र में गश्त और नाकाबंदी लगातार जारी रहेगी।