/सेना पर टिप्पणी के लिए जगत सिंह नेगी माफी मांगें और इस्तीफा दें : सुशील कड़शोली

सेना पर टिप्पणी के लिए जगत सिंह नेगी माफी मांगें और इस्तीफा दें : सुशील कड़शोली

सीटीओ चौक पर युवा मोर्चा का जोरदार प्रदर्शन, पुतला दहन को लेकर पुलिस और कार्यकर्ताओं में हुई धक्का-मुक्की

शिमला, 24 नवंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।

भारतीय जनता युवा मोर्चा ने मंगलवार को शिमला के सीटीओ चौक पर प्रदेश सरकार के मंत्री जगत सिंह नेगी के खिलाफ जोरदार धरना-प्रदर्शन किया।

इस दौरान युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने मंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनके इस्तीफे की मांग उठाई। प्रदर्शन में युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री सुशील कड़शोली सहित भाजपा और युवा मोर्चा के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सुशील कड़शोली ने कहा कि विधानसभा में भारतीय सेना और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर मंत्री जगत सिंह नेगी द्वारा की गई टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम पर पूरे देश को गर्व है। सेना की वीरता पर सवाल उठाने वाली टिप्पणियां किसी भी जिम्मेदार जनप्रतिनिधि को शोभा नहीं देतीं।
उन्होंने मांग की कि जगत सिंह नेगी अपनी टिप्पणी के लिए देशवासियों और भारतीय सेना से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें और नैतिकता के आधार पर मंत्री पद से इस्तीफा दें।

प्रदर्शन के दौरान जगत सिंह नेगी का पुतला जलाने को लेकर युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी झड़प हुई। दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की के चलते सीटीओ चौक पर कुछ समय तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। पुलिस ने पुतला दहन रोकने के लिए अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंगुइशर) का भी इस्तेमाल किया।

कड़शोली ने पुलिस की कार्रवाई की निंदा करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार विरोध प्रदर्शनों से घबराकर पुलिस प्रशासन के माध्यम से युवा मोर्चा की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध करना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है और इस अधिकार को दबाना निंदनीय है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि युवा मोर्चा सरकार के दबाव और पुलिस कार्रवाई से पीछे हटने वाला नहीं है। जब तक मंत्री जगत सिंह नेगी अपनी टिप्पणी पर सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते और इस्तीफा नहीं देते, तब तक युवा मोर्चा लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध जारी रखेगा।