विधायक नीरज नैय्यर ने मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए 11-11 हजार रुपये देने की घोषणा
चम्बा, 24 नवंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोलका और मंगला में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किए गए।

सदर विधायक नीरज नैय्यर ने दोनों समारोहों में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और शैक्षणिक, खेलकूद व सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया।

इस अवसर पर विधायक ने कहा कि अनुशासन, कठिन परिश्रम, समय का सदुपयोग और दृढ़ संकल्प विद्यार्थी जीवन में सफलता के मूल मंत्र हैं। शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और नैतिक मूल्यों के विकास का भी माध्यम है।
उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई, व्यवहार और संगति पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।

उन्होंने युवाओं को नशे से बचाने के लिए प्रदेश सरकार के एंटी चिट्टा अभियान और खेलों को बढ़ावा देने के लिए शुरू किए गए खेलो हिमाचल अभियान की जानकारी भी दी। विधायक ने मंगला स्कूल में जीव विज्ञान संकाय शुरू करने की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष उठाने का आश्वासन दिया।

समारोह में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विधायक ने दोनों विद्यालयों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों को प्रोत्साहित करने के लिए 11-11 हजार रुपये देने की घोषणा की। इस दौरान विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक, अभिभावक, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।







