/रेड क्रॉस मेले में खेल प्रतियोगिताओं के साथ एंटी चिट्टा वॉकथॉन और बाइक रैली होगी आयोजित

रेड क्रॉस मेले में खेल प्रतियोगिताओं के साथ एंटी चिट्टा वॉकथॉन और बाइक रैली होगी आयोजित

बद्दी, 25 नवंबर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।

जिला स्तरीय रेड क्रॉस मेले के दौरान बद्दी पुलिस 28 से 30 नवंबर तक विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं और नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

यह जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान ने हिम नयन न्यूज़ को बताया कि इन गतिविधियों का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना, नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाना और सभी आयु वर्गों को स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करना है।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताएं तीन वर्गों में होंगी। अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्ग (15 से 19 वर्ष) में कबड्डी, वॉलीबॉल, हाई जंप, लॉन्ग जंप तथा 100 व 200 मीटर दौड़ आयोजित होगी। पुरुष एवं महिला ओपन वर्ग में कबड्डी, वॉलीबॉल, कुश्ती और एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं होंगी। वहीं वरिष्ठ नागरिकों के लिए टेबल टेनिस, बैडमिंटन, कैरम और शतरंज की प्रतियोगिताएं रखी गई हैं।

कबड्डी के लिए कोच सुनील कुमार (94180-74161) तथा वॉलीबॉल के लिए कोच धनी राम (94184-54076) के पास 27 नवंबर से पहले पंजीकरण करवाना होगा।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दोनों खेलों में प्रत्येक टीम के लिए 1,000 रुपये प्रवेश शुल्क निर्धारित किया गया है।

विनोद धीमान ने बताया कि 28 नवंबर को मेले के शुभारंभ पर दो किलोमीटर लंबी एंटी चिट्टा जागरूकता वॉकथॉन निकाली जाएगी, जबकि 30 नवंबर को एंटी ड्रग यूथ बाइक रैली आयोजित होगी। बाइक रैली में हेलमेट, वैध ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन के आवश्यक दस्तावेज अनिवार्य होंगे।

एसपी ने युवाओं, खेल टीमों, खेल प्रेमियों और वरिष्ठ नागरिकों से प्रतियोगिताओं एवं जागरूकता कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।