सड़क मरम्मत एवं रखरखाव कार्यों के चलते डीसी चम्बा ने जारी किए आदेश।
चम्बा, 27 नवंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।
मानसून के दौरान सड़क को हुए भारी नुकसान के चलते पक्काटाल्ला से बालू पुल तक सड़क मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
उपायुक्त एवं जिला दंडाधिकारी चम्बा मुकेश रेपस्वाल ने मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 115 के तहत आदेश जारी करते हुए 28 नवंबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है।
उपायुक्त के अनुसार मानसून के दौरान बालू से पक्काटाल्ला सड़क मार्ग को व्यापक नुकसान पहुंचा है। सड़क की सतह खराब होने के साथ-साथ रिटेनिंग वॉल और ब्रेस्ट वॉल भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। इसके अलावा कई स्थानों पर सड़क की चौड़ाई भी कम हो गई है। ऐसे में मरम्मत एवं रखरखाव कार्यों को सुरक्षित और सुचारू रूप से पूरा करने के लिए यह निर्णय लिया गया है।

आदेशों के तहत प्रतिबंधित अवधि के दौरान वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना होगा।
लोक निर्माण विभाग के संबंधित अधिशासी अभियंता को मरम्मत कार्य के दौरान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने, चेतावनी एवं मार्ग परिवर्तन के संकेतक लगाने, बैरिकेडिंग करने तथा जरूरत के अनुसार कर्मचारियों की तैनाती करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन द्वारा जारी ये आदेश 28 नवंबर 2026 से प्रभावी होंगे और 31 मार्च 2027 तक लागू रहेंगे।









