दो गाड़ियां और 1.16 लाख रुपये जब्त।
बद्दी 28 नवम्बर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।
औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम के साथ अभद्र व्यवहार करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में गत रात पुलिस ने सात व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने इस मामले में दो गाड़ियां और 1 लाख 16 हजार रुपये की नकदी भी जब्त की है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26-27 नवंबर की मध्यरात्रि को बद्दी पुलिस को सूचना मिली थी कि सीईपीटी प्लांट मलपुर के पास केन्दुवाल खड्ड में अवैध खनन किया जा रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस थाना बद्दी की टीम मौके पर पहुंची, जहां अवैध खनन में संलिप्त एक ट्रैक्टर खनिज पदार्थ सहित पकड़ा गया। ट्रैक्टर पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी हुई थी।

पुलिस ने माइनिंग एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर थाना ले जाना शुरू किया।
इसी दौरान क्लार्क होटल के पास दो गाड़ियों में सवार सात व्यक्तियों ने ट्रैक्टर के आगे अपने वाहन लगाकर रास्ता रोक दिया। आरोप है कि इन व्यक्तियों ने पुलिस कर्मियों को डराया-धमकाया और ट्रैक्टर को थाने ले जाने से रोकने का प्रयास किया।
पुलिस टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए सभी सात व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तरलोचन सिंह निवासी कड़ुआना, गुरप्रीत निवासी शीतलपुर, हर्ष कुमार और विक्रम सिंह निवासी स्वराज माजरा, अमरजीत सिंह निवासी स्वराज माजरा, सर्वजीत तथा गुरप्रीत निवासी कड़ुआना के रूप में हुई है।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान मामले में संलिप्त एक बोलेरो और एक स्विफ्ट डिजायर गाड़ी को भी जब्त किया।
स्विफ्ट डिजायर से 1,16,000 रुपये की नकदी बरामद हुई। नकदी के संबंध में आरोपी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए, जिसके चलते पुलिस ने इसे भी कब्जे में ले लिया।
इस मामले में पुलिस थाना बद्दी में सातों आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 191(2), 352 तथा माइनिंग एक्ट की धारा 21 के तहत अभियोग दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार मामले की आगामी जांच जारी है।










