सेल और जीन थेरेपी को मरीजों तक पहुंचाने पर जोर
चंडीगढ़, 28 नवंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।
पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ में आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक सम्मेलन CTTR-2026 शुक्रवार को संपन्न हुआ। 26 और 27 नवंबर को आयोजित इस सम्मेलन का मुख्य विषय ‘ट्रांसलेशनल रिसर्च में नवाचार : विज्ञान और चिकित्सा के बीच सेतु’ रहा।
इसमें कैंसर, मधुमेह, आंखों की गंभीर बीमारियों और अंग प्रत्यारोपण से जुड़ी जटिलताओं के आधुनिक उपचारों पर विशेषज्ञों ने विचार साझा किए।

सम्मेलन के मुख्य अतिथि नेशनल एकेडमी ऑफ मेडिकल साइंसेज, इंडिया के प्रेसिडेंट-इलेक्ट लेफ्टिनेंट जनरल (डॉ.) वेलु नायर ने पीजीआईएमईआर में सेल और जीन थेरेपी के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाने पर जोर दिया। उन्होंने उन्नत उपचारों के निर्माण के लिए आधुनिक cGMP सुविधा स्थापित करने तथा इसके लिए संस्थागत सहयोग उपलब्ध करवाने की आवश्यकता बताई।
विशिष्ट अतिथि एवं फोर्टिस अस्पताल मोहाली के निदेशक प्रो. सुभाष चंदर वर्मा ने कहा कि प्रभावी उपचार विकसित करने के लिए बुनियादी वैज्ञानिक अनुसंधान मजबूत होना जरूरी है।
सम्मेलन में CAR-T सेल थेरेपी, कैंसर के आधुनिक उपचार, मधुमेह में पैंक्रियाटिक आइलैट ट्रांसप्लांटेशन, आंखों की बीमारियों के लिए जीन आधारित उपचार तथा स्टेम सेल अनुसंधान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। इसके अलावा क्रोहन रोग, लिवर फेलियर और अंग प्रत्यारोपण से जुड़ी जटिलताओं के उपचार में नई संभावनाओं पर भी विशेषज्ञों ने विचार रखे।

विशेषज्ञों ने इस बात पर जोर दिया कि प्रयोगशालाओं में विकसित हो रही नई तकनीकों को मरीजों तक पहुंचाने के लिए वैज्ञानिक अनुसंधान के साथ नियामकीय प्रक्रियाओं, नैतिक मानकों, गुणवत्ता नियंत्रण और अस्पतालों एवं उद्योगों के बीच बेहतर सहयोग जरूरी है।
सम्मेलन का आयोजन पीजीआईएमईआर के ट्रांसलेशनल एंड रीजनरेटिव मेडिसिन विभाग ने किया। इसके सफल आयोजन में डॉ. रीना दास, डॉ. अरुणा रक्षा, डॉ. अनुपम मित्तल और डॉ. गौरव शर्मा का विशेष योगदान रहा। सम्मेलन में देश-विदेश के विशेषज्ञों, युवा शोधकर्ताओं और वैज्ञानिकों ने भाग लिया।









