नशे के खिलाफ एकजुट होकर लड़ाई लड़ें युवा, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने का किया आह्वान
बद्दी 28 नवम्बर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।
दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक राम कुमार चौधरी ने शनिवार को जिला स्तरीय रेडक्रॉस मेले के शुभारंभ अवसर पर आयोजित एंटी चिट्टा वॉकाथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

प्रातः 9 बजे नगर निगम बद्दी से साईं रोड की ओर निकाली गई इस वॉकाथॉन के माध्यम से युवाओं और आम नागरिकों को चिट्टा सहित अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।

इस अवसर पर विधायक राम कुमार चौधरी ने युवाओं से नशे के खिलाफ एकजुट होकर लड़ाई लड़ने और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशा आज समाज के सामने एक गंभीर चुनौती बन चुका है। इससे निपटने के लिए युवाओं, अभिभावकों और सामाजिक संगठनों को मिलकर प्रयास करने होंगे।

उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहकर खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने का संदेश दिया।










