/रेडक्रॉस करुणा, मानवता और निःस्वार्थ सेवा की जीवंत मिसाल: राज्यपाल

रेडक्रॉस करुणा, मानवता और निःस्वार्थ सेवा की जीवंत मिसाल: राज्यपाल

राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने बद्दी में जिला स्तरीय रेडक्रॉस मेले का किया शुभारंभ।

बद्दी, 28 नवंबर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।

राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने शनिवार को बद्दी में आयोजित जिला स्तरीय रेडक्रॉस मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने रेडक्रॉस आंदोलन को करुणा, मानवता और निःस्वार्थ सेवा की जीवंत मिसाल बताते हुए समाज के सभी वर्गों से मानवीय सेवा के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।


राज्यपाल ने कहा कि रेडक्रॉस केवल एक संगठन नहीं, बल्कि पीड़ित मानवता की सेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक है। रक्तदान, स्वैच्छिक सेवा और जरूरतमंदों की सहायता के लिए किया गया छोटा-सा प्रयास भी किसी के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकता है। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस जाति, धर्म, क्षेत्र और भाषा की सीमाओं से ऊपर उठकर मानवता की सेवा करता है।


इस अवसर पर लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता भी उपस्थित रहीं। राज्यपाल ने रक्तदान शिविर का शुभारंभ करने के साथ सरकारी विभागों और गैर-सरकारी संगठनों की प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। उन्होंने कबड्डी मैच एवं अन्य खेल गतिविधियों का आनंद लिया। साथ ही वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए, जिला रेडक्रॉस पत्रिका का विमोचन किया तथा रेडक्रॉस के संरक्षकों को सम्मानित किया।


राज्यपाल ने सोलन जिला रेडक्रॉस सोसायटी के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि वर्ष 1973 से यह संस्था चिकित्सा सहायता, मरीजों के परिवहन, उपचार के लिए आर्थिक मदद, दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध करवाने और आपदा प्रभावित परिवारों को राहत प्रदान करने जैसे महत्वपूर्ण कार्य कर रही है।

उन्होंने क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में रेडक्रॉस महिला अनुभाग द्वारा मरीजों और उनके परिजनों की सहायता के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी प्रशंसा की तथा लोगों से अपनी सामर्थ्य के अनुसार रेडक्रॉस फंड में योगदान देने की अपील की।


उन्होंने रक्तदान, प्राथमिक उपचार, स्वास्थ्य जागरूकता और आपदा प्रबंधन में जनभागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए 149 शिक्षण संस्थानों में जूनियर रेडक्रॉस एवं यूथ रेडक्रॉस गतिविधियों को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की। राजकीय महाविद्यालय कंडाघाट में प्राथमिक उपचार केंद्र स्थापित करने की पहल को भी सराहनीय बताया।


राज्यपाल ने कहा कि युवाओं में सेवा, करुणा और सहयोग की भावना विकसित करना समय की आवश्यकता है।

चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान, नशे के खिलाफ जागरूकता, पौधरोपण, आपदा प्रबंधन और प्राथमिक उपचार जैसी गतिविधियों में युवाओं की भागीदारी स्वस्थ एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण में अहम भूमिका निभा सकती है। उन्होंने रेडक्रॉस से स्वच्छता और नशामुक्त हिमाचल अभियान में अपनी भागीदारी और मजबूत करने का आह्वान किया।


दून के विधायक राम कुमार चौधरी ने राज्यपाल का स्वागत करते हुए बद्दी को एशिया के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में शामिल बताते हुए प्रदेश के राजस्व में इसके योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने चंडीगढ़ और बद्दी के बीच बेहतर कनेक्टिविटी का मुद्दा केंद्र सरकार के समक्ष उठाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि बद्दी में पहली बार जिला स्तरीय रेडक्रॉस मेले का आयोजन किया जा रहा है।


उपायुक्त सोलन एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष मनमोहन शर्मा ने सोसायटी की विभिन्न मानवीय गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मेले के माध्यम से जुटाई जाने वाली धनराशि का उपयोग रेडक्रॉस की सेवा गतिविधियों के संचालन में किया जाएगा।


कार्यक्रम में आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं। इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव संदीप भारद्वाज, पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान, जिला प्रशासन के अधिकारी, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।