नशा तस्करों के नेटवर्क पर हो निर्णायक प्रहार, सीमावर्ती क्षेत्रों में बढ़ाई जाए निगरानी
शिमला, 29 नवंबर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।
भाजपा प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में चिट्टे और अन्य मादक पदार्थों के खिलाफ लड़ाई केवल मैराथन आयोजित करने से नहीं जीती जा सकती। इसके लिए सरकार को दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति दिखाने के साथ प्रभावी रणनीति और कठोर प्रशासनिक कार्रवाई करनी होगी।

रविवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय दीपकमल, चक्कर में बूथ संख्या 112 के कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल, प्रदेश कोषाध्यक्ष कमलजीत सूद, प्रदेश मीडिया संयोजक करण नंदा, कार्यालय सचिव किरण बावा, प्रेम ठाकुर तथा बूथ कार्यकर्ता प्रभात, रवि सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के बाद संजीव कटवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम देश को एक सूत्र में जोड़ने का सशक्त माध्यम है। प्रधानमंत्री द्वारा नशे के विरुद्ध दिया गया संदेश बेहद महत्वपूर्ण है और हिमाचल प्रदेश में भी नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई जानी चाहिए तथा नशे की तस्करी और उसके बढ़ते प्रसार का गंभीरता से आकलन किया जाना चाहिए।
सरकार को शिक्षण संस्थानों और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के साथ नशे की रोकथाम के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
कटवाल ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि नशे के खिलाफ आयोजित मैराथन केवल प्रचार का माध्यम बनकर रह गई हैं। उन्होंने इन आयोजनों के लिए उद्योगपतियों और व्यापारियों से धन एकत्रित किए जाने का आरोप लगाते हुए सरकार से इसका पूरा विवरण सार्वजनिक करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि टी-शर्ट बांटने, प्रचार करने और मैराथन आयोजित करने से नशे की समस्या समाप्त नहीं होगी। इन आयोजनों के धरातल पर दिखने वाले परिणामों का भी आकलन किया जाना चाहिए।
भाजपा महामंत्री ने कहा कि नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्ति कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसके खिलाफ निष्पक्ष जांच और कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के साथ नशे से प्रभावित युवाओं के उपचार और पुनर्वास पर भी विशेष ध्यान देना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल की युवा पीढ़ी को नशे से बचाना सरकार, समाज और प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।









