/परिसीमन बिल पर डीएमके को साधने में जुटी कांग्रेस, सोनिया-खड़गे और राहुल गांधी पहुंचे चेन्नई

परिसीमन बिल पर डीएमके को साधने में जुटी कांग्रेस, सोनिया-खड़गे और राहुल गांधी पहुंचे चेन्नई

लोकसभा में डीएमके के 22 सांसदों की भूमिका अहम, एमके स्टालिन को विपक्ष के साथ लाने की कोशिश

चेन्नई / बेंगलुरु 29 नवंबर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।

भारत में परिसीमन विधेयक को लेकर विपक्षी दलों को एकजुट करने की कवायद के बीच कांग्रेस ने एक बार फिर तमिलनाडु की सत्तारूढ़ राजनीति में अहम भूमिका रखने वाले द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) के साथ रिश्ते सुधारने की कोशिश तेज कर दी है।

मिली जानकारी के मुताबिक इसी सिलसिले में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन से मुलाकात करने चेन्नई पहुंचे हैं।

संसद के विशेष सत्र में 30 नवंबर से परिसीमन से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक पेश किए जाने की संभावना है। ऐसे में लोकसभा में 22 सांसदों वाली डीएमके की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

हालांकि, डीएमके पहले ही परिसीमन विधेयक का समर्थन करने का ऐलान कर चुकी है, लेकिन कांग्रेस को उम्मीद है कि वह इस मुद्दे पर विपक्ष के साथ खड़ी हो सकती है।

दरअसल, तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के बाद कांग्रेस और डीएमके के बीच राजनीतिक दूरियां बढ़ गई थीं।

कांग्रेस ने डीएमके से अलग होकर अभिनेता जोसेफ विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) की सरकार को समर्थन देने का फैसला किया था,जिसके बाद एमके स्टालिन ने भी कांग्रेस से दूरी बना ली थी।

अब परिसीमन विधेयक के मुद्दे ने दोनों दलों को एक बार फिर राजनीतिक रूप से आमने-सामने ला खड़ा किया है।

कांग्रेस नेता की चेन्नई यात्रा को इसी संदर्भ में विपक्षी एकजुटता और पुराने राजनीतिक संबंधों को फिर से मजबूत करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।

यह मामला केवल एक विधेयक के समर्थन या विरोध तक सीमित नहीं है, बल्कि कांग्रेस और डीएमके के बीच दशकों पुराने राजनीतिक रिश्तों की दिशा भी तय कर सकता है।

ऐसे में स्टालिन के रुख पर राष्ट्रीय राजनीति की नजरें टिकी हुई हैं।