शिमला 20 मई,
हिम नयन न्यूज/ ब्यूरो /नयना वर्मा
हिमाचल के जमा दो के परीक्षा परिणाम की मैरिट में इस बार भी लड़कियों का दबदबा कायम है। यही नही इस बार सरकारी स्कूलों के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए निजी स्कूलों को मैरिट में पीछे छोड़ दिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक सरकारी स्कूलों से इस बार मैरिट में 55 लड़कियां और 12 लड़के जबकि निजी स्कूलों से 34 लड़कियां और नौ लड़के शमिल हैं। वहीं अगर बात आॅल ओवर मैरिट सूची की करें तो उना जिला राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल घनारी की सांइस विषय की छात्रा ओजस्वनी उपमन्यू ने प्रथम स्थान हासिल किया है।
शिक्षा विभाग द्वारा घोषित परीक्षा परिणामो में ओजस्वनी ने पांच सौ में से 493 अंक हासिल किए हैं। उनकी प्रतिशतता 98.06 प्रतिशत रही है। सिरमौर जिला के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल सराहां की छात्रा वृंदा ठाकुर ने 98.04 प्रतिशत अंक लेकर प्रदेश भर में दूसरा स्थान हासिल किया है। वहीं उना जिला के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल चुरढ़ू की छात्रा कनुप्रिया ने 98.04 प्रतिशत अंक लेकर प्रदेश भर में तीसरा स्थान हासिल किया है।










