/परवाणू में पिकअप से ₹40 हजार की नकदी चोरी, आरोपी हरियाणा से दबोचा

परवाणू में पिकअप से ₹40 हजार की नकदी चोरी, आरोपी हरियाणा से दबोचा

सोलन /परवाणू, 15 सितंबर
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा।

हिमाचल प्रदेश के परवाणू सेब मंडी में सेब छोड़ने आए रोहडू निवासी एक व्यक्ति के वाहन से नकदी चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है।

मिली जानकारी के मुताबिक़ पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे हरियाणा के मुरथल से गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर को रोहडू निवासी मेघुराम ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि वह परवाणू मंडी में सेब छोड़ने के बाद तक्ष इंटरप्राइजेज के समीप अपनी पिकअप खड़ी कर राशन लेने बाजार गया था।
जब वह लौटा तो पाया कि ड्राइवर सीट के पीछे रखे 40,000 रुपये नकदी चोरी हो चुके हैं।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। इसके आधार पर आरोपी की पहचान प्रवीण कुमार (38) पुत्र प्रीतम सिंह निवासी फागली, जिला शिमला के रूप में हुई।

पुलिस ने 14 सितंबर को मुरथल (हरियाणा) से आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी गाड़ी को कब्जे में लिया।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी एक माजदा/कैंटर गाड़ी में बतौर चालक कार्यरत है और इसके विरुद्ध पहले से ही पुलिस थाना बद्दी में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज है, जिसमें उसके पास से 10 किलो गांजा बरामद किया गया था।

गिरफ्तार आरोपी को 15 सितंबर को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले की जांच जारी है।