नालागढ़, 27 सितम्बर
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
राजकीय महाविद्यालय नालागढ़ के अर्थशास्त्र विभाग ने शनिवार को पूर्व प्रधानमंत्री एवं प्रख्यात अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह की 93वीं जयंती अवसर पर कॉलेज ऑडिटोरियम में एक विशेष समारोह का आयोजन किया।
कार्यक्रम का संयोजन विभागाध्यक्ष प्रो. शशि, डॉ. मनदीप तथा डॉ. शालू द्वारा किया गया। इसमें लगभग 30 विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। समारोह की मुख्य अतिथि महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सपना संजय पंडित रहीं। इस अवसर पर महाविद्यालय के वरिष्ठ संकाय सदस्य प्रो. शशि का सेवानिवृत्ति समारोह भी आयोजित हुआ, जिसमें उन्हें उनके लंबे शैक्षणिक योगदान और समर्पित सेवा के लिए सम्मानित किया गया।

समारोह के प्रारंभ में स्नातकोत्तर विद्यार्थियों ने अपने भाषणों के माध्यम से अर्थशास्त्र के विभिन्न पहलुओं और डॉ. सिंह के योगदान पर प्रकाश डाला। इसके अतिरिक्त, डॉ. मनमोहन सिंह के जीवन और कार्यों पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई। सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों ने एक नाटक प्रस्तुत किया तथा एक छात्र ने भावपूर्ण एकल प्रस्तुति दी, जिसे उपस्थित जनों ने सराहा।
अपने संबोधन में प्राचार्या डॉ. सपना संजय पंडित ने आधुनिक जीवन में अर्थशास्त्र के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को प्रेरित किया। उन्होंने प्रो. शशि को सेवानिवृत्ति पर शुभकामनाएँ दीं और प्रतिभागी विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी किया।








