पुलिस ने उद्योग मालिक के खिलाफ किया मामला दर्ज।
बद्दी, 7 अक्टूबर ,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
औद्योगिक नगरी बीबीएन में पुलिस थाना बद्दी की टीम ने सोमवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए गांव थाना स्थित Alina Cosmetic फैक्ट्री में छापेमारी करके अवैध रूप से पटाख़े बनाने और ज्वलनशील पदार्थ रखने का दावा किया है ।
इस बात की पुष्टी करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक वर्मा ने बताया कि छापे के दौरान पाया गया कि फैक्ट्री में अवैध रूप से ज्वलनशील पटाखों का निर्माण और भंडारण किया जा रहा था।
उन्होंने बताया कि पुलिस टीम द्वारा की गई तलाशी में कुल 15 गत्ता पेटियों में अवैध पटाखे बरामद किए गए। इसके अलावा, मौके से Nitric Acid की एक प्लास्टिक कैनी भी जब्त की गई, जिसका उपयोग पटाखे बनाने में किया जा रहा था।

छापेमारी के समय फैक्ट्री का मालिक संदीप सिंगला, पुत्र गांधी राम, निवासी सेक्टर-2, पंचकूला (हरियाणा) मौके पर मौजूद मिला। पूछताछ के दौरान वह अवैध पटाखा निर्माण के संबंध में कोई वैध लाइसेंस या परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने मौके पर सभी सामग्री को कब्जे में लेकर पुलिस थाना बद्दी में मामला दर्ज कर लिया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह फैक्ट्री कॉस्मेटिक उत्पादों के नाम पर अवैध पटाखों का निर्माण और भंडारण कर रही थी, जिससे क्षेत्र में गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में आगामी अन्वेषण जारी है और यह जांच की जा रही है कि फैक्ट्री से जुड़े अन्य लोग भी इस अवैध गतिविधि में शामिल हैं या नहीं।








