/बद्दी और मानपुरा में वाहन ऑपरेटर यूनियनों के साथ पुलिस ने की सुरक्षा एवं जागरूकता बैठकें

बद्दी और मानपुरा में वाहन ऑपरेटर यूनियनों के साथ पुलिस ने की सुरक्षा एवं जागरूकता बैठकें

बद्दी, 14 अक्तूबर ,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा

त्योहारों के दौरान सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बद्दी और मानपुरा पुलिस ने मंगलवार को वाहन ऑपरेटर यूनियनों के साथ सुरक्षा एवं जागरूकता बैठकों का आयोजन किया।

मिली जानकारी के मुताबिक़ पुलिस थाना बद्दी में आयोजित बैठक में ऑटो ऑपरेटर यूनियन, बद्दी के सदस्यों ने भाग लिया।

इस बात की पुष्टि करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक वर्मा ने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी दीपावली पर्व के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ के मद्देनज़र चालकों को यातायात नियमों का पालन करते हुए ऑटो संचालन करने के लिए प्रेरित करना था।


पुलिस अधिकारियों ने चालकों से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि त्योहारों के समय कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके। अधिकारियों ने कहा कि “भीड़भाड़ के समय ट्रैफिक नियमों का पालन करना न केवल चालकों की, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए भी अत्यंत आवश्यक है।”

इसी प्रकार, पुलिस थाना मानपुरा में देवभूमि फोर व्हीलर ऑपरेटर यूनियन, मानपुरा के सदस्यों के साथ बैठक आयोजित की गई। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने यूनियन सदस्यों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया तथा सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।


बैठक में यह भी बताया गया कि नशे की हालत में वाहन चलाना गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकता है, और ऐसी घटनाओं की रोकथाम में सभी चालकों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य वाहन चालकों में जिम्मेदारी, कानून का सम्मान और सार्वजनिक सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने यह भी अपेक्षा जताई कि वाहन ऑपरेटर स्वयं नियमों का पालन करने के साथ-साथ समाज के अन्य चालकों को भी सुरक्षित और जिम्मेदार वाहन संचालन के लिए प्रेरित करें।

ऐसी जागरूकता बैठकों से सड़क सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलती है तथा पुलिस और जनता के बीच सहयोग को और सुदृढ़ किया जा सकता है।