शिमला, 28 अप्रैल,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।
हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव 2026 का बिगुल बज गया है। राज्य निर्वाचन आयोग ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तिथियों की घोषणा करते हुए प्रदेशभर में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू कर दी है।
निर्वाचन आयोग के अनुसार पंचायत प्रधान, उप-प्रधान, वार्ड सदस्य, पंचायत समिति और जिला परिषद की कुल 31,214 सीटों के लिए मतदान 26, 28 और 30 मई को तीन चरणों में कराया जाएगा।
मतदान संपन्न होने के बाद संबंधित चरणों के नतीजे उसी दिन घोषित किए जाएंगे।
चुनाव में 21,678 वार्ड पंच, 3,758 प्रधान, 3,758 उप-प्रधान, 1,769 पंचायत समिति सदस्य तथा 251 जिला परिषद पदों के लिए मतदान होगा।
प्रदेश में कांगड़ा जिला 6,977 सीटों के साथ सबसे बड़ा चुनावी केंद्र बना है, जबकि लाहौल-स्पीति में सबसे कम 378 सीटों पर चुनाव होंगे।
चुनाव कार्यक्रम घोषित होते ही पूरे प्रदेश में आदर्श चुनाव आचार संहिता प्रभावी हो गई है।
आयोग ने स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।









