/एसएसपी शिमला का विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद, नशे के खिलाफ दिलाया संकल्प

एसएसपी शिमला का विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद, नशे के खिलाफ दिलाया संकल्प

शिमला, 22 सितंबर
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा।

शिमला पुलिस द्वारा युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न स्तरों पर जागरूकता गतिविधियां की जा रही हैं।

इसी कड़ी में 22 सितंबर 2026 को एसएसपी शिमला गौरव सिंह, आईपीएस ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (GSSS) मतियाना के विद्यार्थियों से आत्मीय एवं संवादात्मक मुलाकात की।
इस दौरान एसएसपी ने विद्यार्थियों से उनके सपनों, लक्ष्यों और भविष्य की योजनाओं को लेकर खुलकर बातचीत की।

उन्होंने नशे के बढ़ते खतरे और इसके दुष्प्रभावों पर चर्चा करते हुए विद्यार्थियों को स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने साथियों को भी नशे से बचाने के लिए प्रेरित किया।

एसएसपी गौरव सिंह ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा समाज की सबसे बड़ी ताकत है। इस ऊर्जा को नशे की ओर ले जाने के बजाय शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों में लगाया जाना चाहिए।

उन्होंने पहाड़ी अंदाज में विद्यार्थियों को नशे के खिलाफ मजबूती से खड़े होने का संदेश देते हुए कहा कि नशे की जानलेवा सौदेबाजी से खुद को और अपने साथियों को मजबूती से बचाएं तथा नशे का पूरी तरह बहिष्कार करने का संकल्प लें। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि नशा किसी भी प्रकार का हो, उसके खिलाफ समाज में जागरूकता फैलाने में अपनी भूमिका निभाएं।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक संवाद में भाग लिया और विभिन्न विषयों पर अपने प्रश्न एवं विचार एसएसपी के साथ साझा किए। पुलिस अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों के साथ इस तरह का संवाद उन्हें जागरूक करने के साथ-साथ पुलिस और युवा वर्ग के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।