नेता प्रतिपक्ष बोले—एक भी उपलब्धि गिनाने की स्थिति में नहीं सरकार
शिमला 18 नवम्बर
हिम नयन न्यूज़ ब्यूरो वर्मा
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार के तीन साल पूरे होने पर मनाए जा रहे जश्न पर सवाल खड़े करते हुए इसे “गले से नीचे न उतरने वाला फैसला” बताया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश आपदा से जूझ रहा है, डिजास्टर एक्ट लागू है, ट्रेजरी में भुगतान रुका हुआ है, सैलरी-पेंशन समय पर नहीं मिल रही, मेडिकल रीइंबर्समेंट भी लंबित है। ऐसे माहौल में जश्न मनाना जनता का अपमान है।

जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि तीन वर्षों में कांग्रेस सरकार एक भी ऐसी योजना नहीं बता पा रही जो जनता में चर्चित हो। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की हिम केयर, सहारा, स्वावलंबन, गृहिणी सुविधा, शगुन और जन मंच योजनाएं लाखों लोगों को लाभ देती थीं, जिन्हें वर्तमान सरकार ने बंद या निष्क्रिय कर दिया है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि 15,000 से अधिक कर्मचारियों को नौकरी से हटाया गया है, सड़कें जर्जर हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाएं चरमराई हुई हैं। उन्होंने मांग की कि यदि सरकार में थोड़ी भी संवेदना है तो जश्न का फैसला वापस लिया जाए।

उन्होंने दावा किया कि बिहार के चुनाव नतीजे कांग्रेस के लिए चेतावनी हैं और हिमाचल में पार्टी की स्थिति इससे भी खराब होगी।
“अगले चुनाव में कांग्रेस ऑल्टो कार में फिट हो जाएगी,” उन्होंने कहा।








