50 हजार से ज्यादा किसान होंगे लाभान्वित
शिमला, 24 नवंबर ,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की उपस्थिति में हिमाचल प्रदेश वन विभाग और सिंगापुर स्थित कंपनी प्रोक्लाइम के बीच आज यहां किसान समुदाय को पौध रोपण से जोड़ने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) हस्ताक्षरित किया गया। राज्य सरकार की ओर से वन बल प्रमुख डॉ. संजय सूद, और कंपनी की ओर से मुख्य कार्यकारी अधिकारी केविन कुमार कंदसामी ने दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना जलवायु संरक्षण में अहम योगदान देने के साथ-साथ किसानों की आय बढ़ाने में भी सहायक होगी, जिससे 50 हजार से अधिक किसान लाभान्वित होंगे। परियोजना के तहत किसानों की भूमि एवं खेतों की मेड़ों पर पौधारोपण किया जाएगा।
उन्होंने वन विभाग को निर्देश दिए कि किसानों को पौधारोपण के लिए आर्थिक सहायता और हर प्रकार का सहयोग सुनिश्चित किया जाए। योजना के अनुसार किसानों को पांच वर्ष बाद कार्बन क्रेडिट का लाभ मिलेगा और कंपनी के कुल मुनाफे का 30 प्रतिशत हिस्सा भी किसानों को प्रदान किया जाएगा।
यह योजना तीन चरणों में लागू की जाएगी, जिससे प्रदेश का हरित आवरण बढ़ेगा, मिट्टी की गुणवत्ता सुधरेगी, भूमि कटाव में कमी आएगी और खेतों में जैव विविधता के साथ-साथ अतिरिक्त आय के अवसर भी सृजित होंगे।
इस अवसर पर पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के सचिव सुशील सिंगला, प्रोक्लाइम कंपनी के तकनीकी निदेशक सम्राट सेनगुप्ता तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।








