सोलन 13 दिसम्बर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।
हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा विगत माह से युवा शक्ति को नशाखोरी, विशेषकर चिट्टा/हेरोइन जैसी घातक लत से बचाने के उद्देश्य से एक प्रदेशव्यापी अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत विभिन्न सरकारी विभाग एवं संगठन एकजुट होकर इस सामाजिक कुरीति को जड़ से समाप्त करने की दिशा में कार्यरत हैं।

सरकार की इस मुहिम के सकारात्मक परिणाम भी अब सामने आने लगे हैं।
इसी क्रम में पुलिस मुख्यालय शिमला से प्राप्त आदेशों की अनुपालना में दिनांक 12 दिसंबर 2025 को जिला पुलिस सोलन द्वारा व्यापक स्तर पर कार्रवाई की गई।

इस दौरान पुलिस थाना सदर सोलन, कण्डाघाट, धर्मपुर, अर्की, दाड़लाघाट, कुनिहार, महिला थाना तथा परवाणू के क्षेत्राधिकार में कुल 27 विभिन्न संदिग्ध स्थलों एवं ठिकानों पर रेड एवं छापेमारी की गई।

यह कार्रवाई नशेड़ियों के चिन्हित ठिकानों, झुग्गी-झोपड़ियों, पार्कों एवं अन्य संदिग्ध स्थानों पर की गई।

जिला पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध इतने व्यापक स्तर पर की गई इस कार्रवाई से नशेड़ियों एवं नशा कारोबारियों को जीरो टॉलरेंस का कड़ा संदेश मिला है।
उल्लेखनीय है कि सोलन पुलिस द्वारा विगत काफी समय से नशा कारोबारियों के खिलाफ निरंतर कार्रवाई की जा रही है, जिसके परिणामस्वरूप जिले में नशे से जुड़ी गतिविधियों में गिरावट दर्ज की गई है।

सोलन पुलिस नशा-मुक्त समाज की परिकल्पना को साकार करने हेतु निरंतर प्रयासरत है। जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे का कारोबार करने वालों के विरुद्ध इस प्रकार की रेड एवं छापेमारी की कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी, ताकि समाज की युवा शक्ति को नशे के चंगुल से बचाकर उनकी ऊर्जा को सकारात्मक एवं रचनात्मक गतिविधियों में लगाया जा सके।










