नव वर्ष 2026 पर हिमाचल को मौसम की सौगात
शिमला 1जनवरी,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा
नव वर्ष 2026 के पहले ही दिन हिमाचल प्रदेश में मौसम के बदले मिजाज ने लोगों को बड़ी राहत दी है। परमात्मा की कृपा से प्रदेश के कई हिस्सों में व्यापक वर्षा दर्ज की गई, जबकि ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी हुई है। लंबे समय से सूखे की स्थिति से जूझ रहे प्रदेश के लिए इसे नए साल का शुभ संकेत माना जा रहा है।

हिमाचल में सूखे के कारण प्रभावित वर्षा पर निर्भर किसानों के लिए यह बारिश अत्यंत लाभकारी सिद्ध हुई है। खेतों में नमी लौटने से रबी फसलों को संजीवनी मिली है और आगामी कृषि कार्यों को लेकर उम्मीदें बढ़ी हैं।

हिमाचल के खासकर औद्योगिक क्षेत्रों में लगातार शुष्क मौसम के चलते बढ़े प्रदूषण से परेशान लोगों को भी वर्षा के कारण राहत मिली है। बारिश के बाद वातावरण में स्वच्छता आई है और मौसम अधिक सुहावना हो गया है।
प्रदेशवासियों द्वारा इस मौसम परिवर्तन को 2026 के पहले दिन मिला ईश्वर का विशेष उपहार बताया जा रहा है।
नए साल की शुरुआत राहत और उम्मीद के साथ होने से जनमानस में सकारात्मक माहौल बना है।

ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होते ही पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने लगी है।
बर्फबारी का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पहाड़ी क्षेत्रों की ओर रुख कर रहे हैं, जिससे प्रदेश के पर्यटन कारोबार को गति मिलने की उम्मीद है।








