नशेड़ियों और जेबकतरों का बढ़ा आतंक
चंडीगढ़, 31 मई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
शहर के प्रमुख बस अड्डों में शुमार सेक्टर-17 स्थित अंतरराज्यीय बस अड्डे
(आईएसबीटी) की हालत लगातार खराब होती जा रही है।
कारोबार में पहले ही कमी का सामना कर रहे इस बस अड्डे पर अब यात्रियों को सुरक्षा और स्वच्छता संबंधी परेशानियों का भी सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों और यात्रियों के अनुसार बस अड्डे परिसर में नशेड़ियों, चोरों और जेबकतरों की गतिविधियां बढ़ गई हैं।
हैरानी की बात यह है कि पूरे बस अड्डे में सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद चोरी और जेबतराशी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है, जिससे असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं।
यात्रियों का कहना है कि बस अड्डे के पैराफिट और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर कई बार शराब के नशे में धुत लोग पड़े दिखाई देते हैं, जिससे महिलाओं, बुजुर्गों और परिवारों के साथ यात्रा करने वाले लोगों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है।

सूत्रों के अनुसार सुरक्षा कर्मी और सफाई कर्मचारी भी इस स्थिति से परेशान हैं, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर प्रभावी कार्रवाई न होने के कारण समस्या लगातार बनी हुई है। यात्रियों और दुकानदारों ने प्रशासन से बस अड्डे में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने तथा नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो शहर की पहचान माने जाने वाले इस बस अड्डे की छवि और अधिक प्रभावित हो सकती है।










