/पीजीआईएमईआरथैलेसीमिक चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा रक्तदान शिविरों की श्रृंखला का आयोजन

पीजीआईएमईआरथैलेसीमिक चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा रक्तदान शिविरों की श्रृंखला का आयोजन

469 स्वैच्छिक रक्तदाताओं ने किया रक्तदान

चंडीगढ़, 03 मार्च
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा

पीजीआईएमईआर, चंडीगढ़ के ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग एवं थैलेसीमिक चैरिटेबल ट्रस्ट (TCT) द्वारा 21, 22, 23, 25 एवं 27 फरवरी 2026 को रक्तदान शिविरों की श्रृंखला आयोजित की गई। इन शिविरों का उद्देश्य थैलेसीमिया से ग्रस्त मरीजों तथा अन्य जरूरतमंद रोगियों के लिए रक्त की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करना था।


इन पांचों शिविरों में क्रमशः 103, 28, 168, 51 और 120 रक्तदाताओं ने रक्तदान किया। इस प्रकार कुल 469 स्वैच्छिक रक्तदाताओं ने इस पुनीत कार्य में भागीदारी निभाई।


रक्तदाताओं को उनके अमूल्य योगदान के लिए प्रमाण-पत्र, बैज एवं प्रशंसा-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। ट्रस्ट द्वारा रक्तदाताओं की सुविधा एवं आराम के लिए समुचित व्यवस्थाएं की गई थीं। साथ ही, शिविर स्थल पर एक विशेष थैलेसीमिया जागरूकता डेस्क स्थापित की गई, जहां प्रतिभागियों को थैलेसीमिया रोग एवं नियमित स्वैच्छिक रक्तदान के महत्व के बारे में जानकारी प्रदान की गई।


इस अवसर पर नियमित स्वैच्छिक रक्तदान की आवश्यकता पर विशेष जोर देते हुए आमजन से अपील की गई कि वे आगे आकर ऐसे मरीजों की मदद करें जिनका जीवन समय पर मिलने वाले रक्त पर निर्भर करता है।


ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग के प्रमुख प्रो. (डॉ.) आर.आर. शर्मा एवं ट्रस्ट के सदस्य सचिव श्री राजिंदर कालरा ने सभी स्वैच्छिक रक्तदाताओं के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग एवं टीसीटी टीम के समर्पित प्रयासों की सराहना करते हुए शिविरों के सफल आयोजन के लिए धन्यवाद दिया।