अवैध निर्माण रुकवाया ।
नालागढ़ 20 अप्रैल,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/रजनीश ठाकुर
हिमाचल प्रदेश के नालागढ़ वार्ड नंबर 9 स्थित पीर बाबा दरगाह के नाम पर दान की गई करीब 66 बीघा भूमि को लेकर विवाद खड़ा हो गया।
आरोप है कि कुछ लोगों द्वारा बिना अनुमति अवैध कब्जा कर निर्माण कार्य शुरू किया गया था।सूचना मिलते ही हिंदू, मुस्लिम और सिख समुदाय के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और एकजुट होकर विरोध जताया, जिसके बाद निर्माण कार्य रुकवा दिया गया।
स्थानीय लोगों ने दावा किया कि यह जमीन सैकड़ों साल पहले दरगाह के लिए दान की गई थी और यहां पहले से धार्मिक संरचनाएं मौजूद हैं।
भाजपा ओबीसी सेल के जिला अध्यक्ष नसीब सिंह सैनी ने बिना सहमति निर्माण को गलत बताते हुए प्रशासन से अवैध कब्जा रोकने की मांग की।
सूचना पर पहुंची पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने मौके का जायजा लेकर निर्माण तुरंत बंद करा दिया।
राजस्व अधिकारी अंकुश कुमार के अनुसार, दोनों पक्षों को जमीन की निशानदेही के लिए आवेदन करने को कहा गया है।प्रशासन ने लोगों से शांति व भाईचारा बनाए रखने की अपील की है।










