सोलन(अर्की), 21अप्रैल
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा
सांसद सुरेश कश्यप ने गत दिवस अर्की विधान सभा चुनाव क्षेत्र के ग्राम पंचायत बातल में सांसद निधि से बने बस स्टैंड और सार्वजनिक सेवा केंद्र (CSC) भवन का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से ग्रामीणों को बेहतर यातायात सुविधा और डिजिटल सेवाओं का लाभ मिलेगा।
इस दौरान कश्यप ने संसद में महिला आरक्षण से जुड़े मुद्दों पर विपक्षी दलों पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने देश की आधी आबादी के साथ विश्वासघात किया है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं की नीति निर्माण में भागीदारी उनका अधिकार है, जिसे रोकने का प्रयास किया जा रहा है।
कश्यप ने यह भी कहा कि परिसीमन प्रक्रिया से सभी राज्यों को संतुलित प्रतिनिधित्व मिलेगा और विपक्ष इस मुद्दे को भटकाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने भाजपा की महिला सशक्तिकरण के प्रति प्रतिबद्धता दोहराते हुए विपक्षी दलों के रुख को “एंटी-वूमेन” बताया।

इस अवसर पर पूर्व विधायक गोविंद राम शर्मा और भाजपा जिला अध्यक्ष रत्न सिंह पाल , महिला नेत्री आशा परिहार भी मौजूद रहे।










